इण्डियन बैंक की सीएसआर पहल में प्रदान की गयीं 10 फोल्डेबल व्हीलचेयर
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। जनपद के अग्रणी बैंक इंडियन बैंक के अंचल कार्यालय द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत जनमानस की सुविधा एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के सुगम आवागमन के उद्देश्य से 10 फोल्डेबल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गईं। इंडियन बैंक के मंडल प्रमुख अभय कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी को व्हीलचेयर प्रदान किया जहां जिला विकास अधिकारी, इंडियन बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक अशोक गुप्ता, इंडियन बैंक विकास भवन शाखा के शाखा प्रबंधक अभिषेक अवस्थी, इंडियन बैंक के सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार भी उपस्थित रहे। बताया गया कि जनपद के अग्रणी बैंक के रूप में इंडियन बैंक वित्तीय सेवाओं के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में उपलब्ध कराई गईं ये व्हीलचेयर जनपद की विभिन्न तहसीलों, कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन में जनसामान्य की सुविधा हेतु रखी जाएंगी जिससे दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को सरकारी कार्यालयों में आवागमन तथा आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। इंडियन बैंक की यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता तथा जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में उसके निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।













