मिशन शक्ति में छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत डलमऊ कस्बा स्थित श्री भागीरथी इंटर कॉलेज मुराईबाग में गुरुवार को साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। कोतवाली प्रभारी डलमऊ राघवन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना तथा उन्हें डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपने परिवार सहित आस—पास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई। इस अवसर पर चौकी प्रभारी मुराई बाग अमरेश द्विवेदी, विद्यालय प्रधानाचार्य विकास शर्मा, पुलिस कर्मी, विद्यालय के अध्यापक आदि मौजूद रहे।













