HomeTrendingसड़क एवं शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मिली सौगात

सड़क एवं शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मिली सौगात

  • सड़क एवं शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मिली सौगात

  • 18 करोड़ की लागत से होगा घोरांग मार्ग का चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण

  • विधायक गणेश चन्द चौहान ने किया शिलान्यास

तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। जिले के धनघटा तहसील क्षेत्र में सड़क एवं शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। हैंसर बाजार विकास खंड के डीहवा बाजार स्थित राम जानकी मार्ग से घोरांग, फुलुई, परशहर, सरायघाट और सिरसी होते हुए पुनः रामजानकी मार्ग तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य का क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद चौहान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण के लिए 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है।

लम्बे समय से जर्जर सड़क से लोगों को हो रही थी परेशानी
उक्त मार्ग काफी समय से खराब स्थिति में था जिससे क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। जगह-जगह जलभराव और सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन राहगीरों के गिरकर चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती थीं। स्थानीय लोगों को होने वाली इन परेशानियों को संज्ञान में लेते हुए विधायक गणेश चंद चौहान ने सड़क के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए प्रयास किया जिसके बाद 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने तथा यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

सिरसी पॉलिटेक्निक कॉलेज को भी मिली सौगात
इसी क्रम में विधायक गणेश चंद चौहान ने सिरसी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक विशेष भवन के निर्माण के लिए सरकार से 6 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराते हुए उसका भी शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण से संस्थान के शैक्षणिक एवं आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

अमर शहीद सत्यवान के योगदान को किया गया याद
इस दौरान विधायक ने परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद सत्यवान सिंह के जीवन और उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने शहीद के पैतृक गांव घोरांग का उल्लेख करते हुए उनके जीवन से जुड़ी बातों को साझा किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, सड़क निर्माण और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों के शिलान्यास से क्षेत्रीय लोगों में विकास कार्यों को लेकर उम्मीद जगी है। इस अवसर पर संजय बहादुर सिंह राठौर, त्रिशूलधारी राय, ओम प्रकाश राय, भोला यादव, धनंजय बहादुर सिंह राठौर, योगेंद्र निषाद, शैलेंद्र प्रताप सिंह, रणविजय सिंह, घनश्याम सिंह, जय सिंह, हरेराम सिंह, शिवाजी सिंह, सच्चिदानंद निगम, शिवनाथ गुप्ता सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

Must Read