कुरारा में प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर आयोजित
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप को सफल बनाने तथा जनसामान्य को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विकास खंड कुरारा के सभागार में प्रथम लघु विधिक सेवा शिविर का आयोजन हुआ। शिविर का शुभारंभ सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज राय के दिशा-निर्देशन में किया गया।
शिविर में पहुंचने पर खंड विकास अधिकारी राम शंकर सिंह ने सचिव वंदना अग्रवाल का बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके उपरांत खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ ग्राम विकास जगदंबा प्रसाद ने भगवान श्रीराम का प्रतीक चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया। शिविर में श्रम, कृषि, विद्युत एवं परिवहन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए जिनके माध्यम से ग्रामीणों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता की शर्तों तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर का प्रमुख उद्देश्य पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा।
इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग की योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करते हुए उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं। आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करने के लिए विभागीय स्तर पर समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो सके। उन्होंने शिविर के माध्यम से अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मेगा लीगल कैंप की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पीएलवी पवन तिवारी, सियाराम, सुनील पाण्डेय, जिला कल्याण एवं बाल विभाग से तबस्सुम परवीन, सफवान अहमद, समर्थ फाउंडेशन के देवेंद्र गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।













