सैयां भये कोतवाल, अब डर काहे का’
आरोपों की जांच को गये थानेदार ने रिश्वत मांगने वाली महिला के बयान का नहीं बनाया वीडियो
इस प्रकरण में डीजीपी कार्यालय को भी थानेदार ने भेजी भ्रामक सूचना
रायबरेली। “जब सैंया भये कोतवाल तो अब डर काहे का”! जी हां मित्र पुलिस के शत्रु पुलिस का अवतार आए दिन देखने और सुनने को मिलता ही रहता है, लेकिन शिकायत के बाद यदि महकमे के जिम्मेदार लोग आरोपियों को बचाने की कयावद में जुट जाएं तो सवाल उठना लाजिमी है। बताते चलें कि बीते कुछ दिनों से भदोखर थाने का एक प्रकरण चर्चा में बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि एक दलित महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर थाने में तैनात दारोगा अजीत प्रताप सिंह और बहुचर्चित सिपाही बड़े बाबू पर 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। अब उक्त मामले की जांच के लिए महिला के बयान दर्ज कराने गये थानेदार के ऊपर भी महिला ने दबाव बनाये जाने का आरोप लगाया है। सबसे दिलचस्प है कि आरोपित दारोगा और सिपाही की भूमिका और आरोपों की जांच और महिला के बयान दर्ज किये जाने के लिए आखिर उसी थाने के प्रभारी को ही भेज दिया जाना भी सवालों के घेरे में है। मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने के लिए पूर्व से प्रयासरत थानेदार ने फिर से पुरजोर प्रयास करते हुए महिला द्वारा रिश्वत मांगे जाने के आरोपों वाला बयान का वीडियो नहीं बनाये जाने को लेकर महिला ने पुनः शपथ पत्र के साथ एसपी से शिकायत की है। सूत्रों की माने तो इस मामले के प्रकाश में आने के बाद डीजीपी स्तर से रिपोर्ट मांगी गई थी जिसमें भी थानेदार ने दारोगा और सिपाही को बचाते हुए भ्रामक सूचना भेज दी थी। आरोपों में सच्चाई होने के बाद भी कोई कार्यवाही नही होने के कारण से आरोपित दारोगा और सिपाही के हौसलें सातवें आसमान पर हैं। बीते सप्ताह गैर जनपद को स्थानांतरित हुए थानेदार के इस कारनामे की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा पारदर्शिता के साथ जांच कराये जाने और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद धूमिल होती नजर आ रही है।
क्या है मामला और आरोप
रायबरेली। इस मामले में बीते 12 अक्तूबर को भदिहा निवासी दलित महिला राजकली पत्नी बृजपाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसी गांव की निवासी आशा पत्नी लालता ने उसे मारा पीटा जिसके चलते उसका हाथ टूट गया जिसकी शिकायत उसने थाने में की थी लेकिन पीड़िता की कोई सुनवाई करने के बजाय विपक्षी से मिलकर 11 अक्तूबर की रात लगभग 7:30 बजे दारोगा अजीत प्रताप सिंह और सिपाही बड़े बाबू उल्टे उसके ही घर में घुस गए और माँ बहन की गालियां देते हुए घर के अंदर तांडव मचा दिया। जबकि उस दौरान उसके घर में बहू और बेटी भी मौजूद थी। पीड़िता का आरोप है की दरोगा और सिपाही ने उससे 50 हजार रुपए की माँग की और रुपए नहीं देने पर उसके पति की टांग तोड़कर फेंक देने की धमकी दी। शोरगुल सुनकर अन्य ग्रामीणों के आ जाने के बाद उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकी देकर चलें गए। तब से पीड़िता का परिवार पुलिसिया उत्पीड़न से सहमा हुआ है। शिकायत के बाद महिला के आरोपों के बयान दर्ज किये जाने में थानेदार के ऊपर हेरफेर का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुनः 18 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को शपथ पत्र देकर मामले की जांच सक्षम अधिकारी से करा करके न्याय दिलाये जाने की गुहार लगाई है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।


















