भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले गिरोह का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार

  • भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले गिरोह का सरगना मुठभेड़ में गिरफ्तार

  • लखनऊ निवासी आरोपी कई जिलों में कर चुका है काण्ड

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। सरायमीर पुलिस ने भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेकर जेवरात व नकदी ठगने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार बीते 9 मई को सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव निवासी चंदा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठठेरी बाजार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर उन्हें डराया और शुद्धिकरण के नाम पर कान की झालियां, गले का लॉकेट, मोबाइल तथा 1 लाख रुपये लेकर फरार हो गये। मामले में सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अपराधी फूलपुर की ओर से खरेवा की तरफ मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने करछा मंदिर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी लेकिन आरोपी के नहीं मानने पर आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान इम्तियाज खान पुत्र नासिर खान निवासी अलीगढ़, वर्तमान पता दुबग्गा, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, कान की दो झालियां, नाक की एक कील, एक लॉकेट, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ बाजारों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को निशाना बनाता था। दोनों महिलाओं को जादू-टोना, तंत्र-मंत्र और पारिवारिक संकट का भय दिखाकर विश्वास में लेते थे। इसके बाद शुद्धिकरण की प्रक्रिया का झांसा देकर जेवरात और नकदी अपने कब्जे में लेकर महिला को बिना पीछे मुड़े 51 कदम चलने के लिए कहते थे और मौके से फरार हो जाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह आजमगढ़ के अलावा बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर सहित कई जनपदों में सक्रिय रहा है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी, ठगी, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। सरायमीर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है जबकि फरार साथी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।

 

 

 

 

 

 

 JAUNPUR NEWS: Hindu Jagran Manch serious about love jihad

 

Job: Correspondents are needed at these places of Jaunpur

600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA