HomeTrendingदुधवा राष्ट्रीय उद्यान में डॉल्फिन निगरानी पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में डॉल्फिन निगरानी पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

  • दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में डॉल्फिन निगरानी पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

  • शारदा, गिरवा एवं कौरियाला नदियों में शुरू होगा वैज्ञानिक सर्वेक्षण

तेजस टूडे ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। भारत में नदीय डॉल्फिन के संरक्षण एवं वैज्ञानिक निगरानी के उद्देश्य से प्रोजेक्ट डॉल्फिन के अंतर्गत भारतीय वन्यजीव संस्थान (Wildlife Institute of India), देहरादून द्वारा उत्तर प्रदेश वन विभाग के सहयोग से आज दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में डॉल्फिन निगरानी एवं संरक्षण विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला की गई। कार्यशाला के उपरांत भारतीय वन्यजीव संस्थान की 16 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम द्वारा शारदा, गिरवा एवं कौरियाला नदियों में डॉल्फिन के वैज्ञानिक सर्वेक्षण एवं निगरानी का कार्य किया जाएगा। यह सर्वेक्षण भारत में नदीय डॉल्फिन की देशव्यापी गणना एवं आकलन के द्वितीय चक्र के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य इन नदियों में गंगा नदी डॉल्फिन की संख्या एवं वितरण का वैज्ञानिक आकलन करना तथा उनके प्राकृतिक आवास, जल की गुणवत्ता, नदी की पारिस्थितिक स्थिति एवं सहवर्ती जलीय जैव विविधता का अध्ययन करना है।

16 सदस्यीय विशेषज्ञ दल का नेतृत्व डॉ. विनीत सिंह परियोजना वैज्ञानिक भारतीय वन्य जीव संस्थान देहरादून कर रहे हैं। दल में डॉल्फिन विशेषज्ञ के रूप में हियाश्री शर्मा, मेरिन जैकब, विजय प्रताप सिंह, शिवांशु एवं अंशू शामिल हैं। नदी की सहवर्ती जैव विविधता (Associated Biodiversity) के अध्ययन हेतु अनिकेश शर्मा एवं अत्रि उपाध्याय तथा नदी के आवास एवं पारिस्थितिक परिस्थितियों (Habitat Assessment) के अध्ययन के लिए रिजवान खान, मनीषा भट्ट, पूजा पुरोहित, डोना जॉर्ज, शिवांगी एवं श्रेयशी टीम का हिस्सा हैं।

आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं तकनीकों से होगा सर्वेक्षण
डॉल्फिन की उपस्थिति एवं गतिविधियों की निगरानी के लिए सर्वेक्षण दल द्वारा आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। निष्क्रिय ध्वनिक निगरानी उपकरण (Passive Acoustic Monitoring Devices), जैसे F-PODs, डॉल्फिन द्वारा उत्पन्न इकोलोकेशन क्लिक एवं अन्य ध्वनिक संकेतों को रिकॉर्ड करने में सहायक हैं। वहीं, A-tags की सहायता से डॉल्फिन के ध्वनिक संकेतों एवं गतिविधियों का अध्ययन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त GPS, लेज़र रेंजफाइंडर एवं दूरबीन (Binoculars) के माध्यम से डॉल्फिन की उपस्थिति, भौगोलिक स्थिति एवं दूरी का आकलन किया जाएगा। इन उपकरणों का उपयोग अन्य जलीय जीवों एवं संबंधित जैव विविधता की निगरानी के लिए भी किया जाएगा। डॉल्फिन के प्राकृतिक आवास की स्थिति का मूल्यांकन करने के लिए YSI ProDSS उपकरण से जल की गुणवत्ता के विभिन्न मानकों का अध्ययन किया जाएगा। वहीं चार्ट प्लॉटर एवं डेप्थ साउंडर की सहायता से नदी की गहराई, प्रवाह मार्ग तथा नदी की आकृति एवं संरचना (River Morphology) का आकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण में पर्यावरणीय DNA (eDNA) सैंपलिंग तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा जिसके माध्यम से जल के नमूनों में उपस्थित DNA के विश्लेषण द्वारा डॉल्फिन एवं अन्य जलीय जीवों की उपस्थिति का पता लगाने में सहायता मिलेगी। इसके अतिरिक्त प्लवक जाल (Plankton Nets) की मदद से नदी में प्लवकों की विविधता एवं वितरण का अध्ययन किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान एकत्रित वैज्ञानिक आंकड़े इन नदियों में डॉल्फिन की आबादी एवं वितरण की बेहतर समझ विकसित करने, महत्वपूर्ण आवासों की पहचान करने तथा भविष्य की संरक्षण एवं प्रबंधन रणनीतियों के निर्माण में सहायक होंगे। भारतीय वन्यजीव संस्थान एवं उत्तर प्रदेश वन विभाग का यह संयुक्त प्रयास गंगा नदी डॉल्फिन के संरक्षण, नदी पारिस्थितिकी तंत्र की वैज्ञानिक निगरानी तथा राज्य की महत्वपूर्ण नदी प्रणालियों के दीर्घकालिक संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यशाला में दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग, पलिया-खीरी, दुधवा टाइगर रिजर्व, बफर जोन, लखीमपुर/उत्तर खीरी वन प्रभाग, लखीमपुर-खीरी, कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग, बहराइच एवं पीलीभीत टाइगर रिजर्व, पीलीभीत की उन रेंजों के क्षेत्रीय वन अधिकारी एवं स्टाफ द्वारा प्रतिभाग किया गया, जिनकी रेंजों की सीमाएं शारदा नदी, गेरुआ एवं कौड़ियाला नदी से लगती हैं। कार्यशाला का उद्देश्य इन क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर डाल्फिन की उत्कृष्ठ मानीटरिंग एवं संरक्षित किया जाना है। कार्यशाला में महफूज अली क्षेत्रीय वन अधिकारी किशनपुर रेंज एवं स्टाफ, गौरीफण्टा, बनकटी, उत्तर सोनारीपुर, बेलरायां रंज स्टाफ, सम्पूर्णानगर, धौरहरा, उत्तर निघासन, हरीपुर, बराही, कतर्नियाघाट एवं ककरहा रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारीगण एवं स्टाफ उपस्थित रहा।

 

 

 

 

Must Read