एसआर इण्टरनेशनल एकेडमी में सजी रंगोली
श्रीराम के अयोध्या आगमन की झांकी बनी आकर्षण
ग्रीन हाउस ने जीती ओवरऑल चैम्पियनशिप
नौनिहालों की प्रतिभा ने लोगों का मोहा मन
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। नाथनगर स्थित एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शुक्रवार को धनतेरस पर रंगोली प्रतियोगिता हुई। इस दौरान भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी, डा. आदित्य प्रताप चतुर्वेदी और एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज पांडेय ने आरती उतारकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में ब्लू, रेड, येलो और ग्रीन हाउस के विद्यार्थियों ने विजयदशमी, महिला सुरक्षा, बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण मुक्त भारत और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। लोकतंत्र पर आधारित रंगोली भी विशेष आकर्षण रही। प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस ओवरऑल चैंपियन बना। सीनियर वर्ग में ग्रीन हाउस को प्रथम तथा रेड, ब्लू और येलो हाउस को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार मिला। चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी ने विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शिक्षा के साथ उनकी नैसर्गिक प्रतिभा निखारने के अवसर देना संस्थान का उद्देश्य है। डा. आदित्य प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियां उनकी विलक्षण प्रतिभा का प्रमाण हैं। कार्यक्रम का संचालन हरिश्चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर एसएन शुक्ला, धर्मेंद्र चौरसिया, कृष्णा मिश्रा, प्रेम प्रकाश पांडेय, महेंद्र चौधरी, राम ललित सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।











