HomeTrendingदीपावली उत्सव पर भजन की स्वर लहरियों और रंगोली की छटा से...

दीपावली उत्सव पर भजन की स्वर लहरियों और रंगोली की छटा से सजा विद्यालय परिसर

  • दीपावली उत्सव पर भजन की स्वर लहरियों और रंगोली की छटा से सजा विद्यालय परिसर

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज (यू०पी० बोर्ड) में दीपावली अवकाश से पहले दीपावली उत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ वंदना मंच से दीपावली पर प्रस्तुत भक्तिमय भजनों के साथ हुआ। भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यालय में रंगोली का आयोजन भी हुआ जहां विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। आकर्षक रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपोत्सव के रंग में सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य आशीष मोहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दीपावली पर्व की भारतीय परंपराओं तथा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का आह्वान किया। इसी क्रम में विद्यालय के आचार्य अजय जी ने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए दीपावली के महत्व, भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन तथा इस पर्व से मिलने वाले आदर्शों एवं जीवन मूल्यों के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्य डॉ० योगेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान तथा निराशा से आशा की ओर अग्रसर होने का पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के साथ ही आज से विद्यालय में दीपावली का अवकाश प्रारम्भ हो गया।

 

 

 

 

Must Read