नांगल सोती में हुआ रामलीला महोत्सव
श्रीराम के आदर्शों को अपनाया जाय: अवनीश अग्रवाल
तेजस टूडे ब्यूरो
नांगल सोती, बिजनौर। श्रीराम लीला सेवा समिति नांगल सोती के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला के मंचन का विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं भाजपा नेता अवनीश अग्रवाल ने पूजा-अर्चना के उपरांत फीता काटकर महोत्सव का आधिकारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरा परिसर धार्मिक उत्साह और जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अवनीश अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, तपस्या, सत्य, धर्म और मर्यादा का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और प्रत्येक नागरिक को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। “रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। इसके जरिए युवाओं और बच्चों को माता-पिता के प्रति सम्मान और सामाजिक दायित्वों की सीख मिलती है।”
इस दौरान श्रीरामलीला सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर समिति के संरक्षक शशिकांत अग्रवाल, गगन कर्णवाल, वीरेंद्र शर्मा, रणवीर सिंह निराला, धर्मेंद्र कश्यप, दिलीप प्रधान, सुशील शुक्ला, मास्टर शशिकांत शर्मा, अतुल अग्रवाल, मुकेश शर्मा, जनेश कुमार, रामपाल सिंह, अतुल शुक्ला, तुषार शर्मा, अश्वनी शुक्ला, उमाकांत शुक्ला और अवनीश जोशी सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













