गुरूनानक स्पोर्ट्स एकेडमी के तीन खिलाड़ियों का सब-जूनियर स्टेट प्रतियोगिता के लिये लखनऊ मण्डल की टीम में हुआ चयन

तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्र
लखीमपुर खीरी। जनपद के खेल जगत के लिए गर्व और खुशी की खबर है। गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी में लगातार हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे तीन खिलाड़ियों आदर्श वर्मा, कृष्णा वर्मा और आयुष को सब-जूनियर स्टेट हॉकी प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल की टीम से प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। यह प्रतियोगिता 12 से 17 अक्टूबर तक इटावा में आयोजित की जा रही है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से एकेडमी सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।
गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी की सचिव एवं संस्थापक तृप्ति अवस्थी ने बताया कि एकेडमी में बच्चों को निःशुल्क हॉकी प्रशिक्षण देने के साथ-साथ खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। सीमित संसाधनों के बावजूद एकेडमी के खिलाड़ी निरंतर मेहनत कर रहे हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ रहे हैं। तीन खिलाड़ियों का मंडल की टीम में चयन एकेडमी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

एकेडमी के अध्यक्ष सुरेन्द्र तोलानी जी एवं सचिव व संस्थापक तृप्ति अवस्थी ने तीनों खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। एकेडमी के कोच हिमांशु पाल एवं राजेश चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए तृप्ति अवस्थी ने कहा कि खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस, अनुशासन और कोचों के समर्पण का ही परिणाम है कि बच्चे लगातार आगे बढ़ रहे हैं। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
उन्होंने एकेडमी के संरक्षक सेवक सिंह अजमानी जी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद और सहयोग हमेशा एकेडमी को मिलता रहा है। साथ ही उन्होंने शहर के उन सभी सहयोगियों एवं नगरवासियों का भी धन्यवाद किया जो अपनी सामर्थ्य के अनुसार एकेडमी की सहायता करते हैं। तृप्ति अवस्थी ने कहा कि जनपद में हॉकी की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अभी और अधिक संसाधनों एवं सहयोग की आवश्यकता है। हालांकि सीमित सहयोग के बावजूद एकेडमी बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार कर रही है। उन्हें पूरा विश्वास है कि नगरवासियों का सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो लखीमपुर के प्रतिभाशाली बच्चों को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य केवल बच्चों को हॉकी सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर अवसर देकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए तैयार करना भी है। खिलाड़ियों का निरंतर संघर्ष, मेहनत और समर्पण आने वाले समय में निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा। गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी को उम्मीद है कि तीनों खिलाड़ी इटावा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लखीमपुर खीरी का गौरव बढ़ायेंगे।









