HomeTrendingराष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के बैनर तले 8 पत्रकारों को किया गया...

राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के बैनर तले 8 पत्रकारों को किया गया सम्मानित

  • राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के बैनर तले 8 पत्रकारों को किया गया सम्मानित

  • पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा पर हुई चर्चा

  • नये सदस्यों को मिली जिम्मेदारी, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षण, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मार मिश्रा के नेतृत्व में पत्रकारिता को अधिक सशक्त, जिम्मेदार और व्यवस्थित बनाने की दिशा में की जा रही पहल की सराहना की गई। इस दौरान मास कम्युनिकेशन डिप्लोमा प्राप्त करने वाले बांदा के 8 पत्रकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन से नए सदस्यों को जोड़ने, पूर्व से जुड़े सदस्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपने और परिषद की गतिविधियों को विस्तार देने पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं आरती के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार आत्माराम त्रिपाठी ने पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता का प्रमुख दायित्व जनता की आवाज बनना और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। पत्रकारों को किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करनी चाहिए और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि के खबर प्रसारित करना, निराधार आरोपों को समाचार का रूप देना और अफवाहों को बढ़ावा देना जिम्मेदार पत्रकारिता की मूल भावना के विपरीत है। पत्रकार की कलम स्वतंत्र होनी चाहिए, लेकिन उसके साथ जिम्मेदारी और जवाबदेही भी जुड़ी होती है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पत्रकारिता जनता की आवाज, सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी इंटर कॉलेज के प्राचार्य एवं वरिष्ठ पत्रकार चंद्रमौली भारद्वाज ने पत्रकारिता को समाज और जनता की आवाज बताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं को सामने लाने और समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण और सम्मान मिलना आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी अनुचित दबाव के जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने ला सकें। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षण और ज्ञानवर्धन की आवश्यकता पर भी बल दिया। उनके अनुसार पत्रकारिता में जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए तथ्यों की समझ, विषय का ज्ञान और समाचारों की सही प्रस्तुति बेहद महत्वपूर्ण है।
तथ्यों पर आधारित खबरें प्रकाशित करना समय की मांग बुंदेलखंड लाइव के प्रधान संपादक श्याम मोहन धुरिया ने कहा कि पत्रकारों को तथ्यपूर्ण, सारगर्भित और जनहित से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता देनी चाहिए। अफवाहों से दूर रहकर निष्पक्ष पत्रकारिता करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। जनता की उम्मीदें पत्रकारों की कलम से जुड़ी होती हैं, इसलिए पत्रकारों को आम नागरिकों की समस्याओं, प्रशासनिक जवाबदेही और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए खबरों में तथ्यात्मक सटीकता और संतुलन जरूरी है। पत्रकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

मास कम्युनिकेशन डिप्लोमा देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मास कम्युनिकेशन डिप्लोमा प्राप्त करने वाले बांदा के 8 पत्रकारों का सम्मान रहा। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की ओर से पत्रकारिता प्रशिक्षण की इस पहल को पत्रकारों के ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रशिक्षण से समाचार संकलन, लेखन, प्रस्तुतीकरण और तथ्यों की पुष्टि जैसी प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। पत्रकारिता के प्रति जिम्मेदारी और पेशेवर दृष्टिकोण विकसित करने के लिए निरंतर सीखना आवश्यक है।

नये सदस्यों का स्वागत, पदाधिकारियों को मिली नयी जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान परिषद की मासिक बैठक का भी आयोजन हुआ। इसमें संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और परिषद को अधिक मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की गई। संगठन से नए सदस्यों के जुड़ने पर उनका स्वागत किया गया। वहीं पहले से संगठन में जुड़े कुछ सदस्यों को नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने की जानकारी भी सामने आई।
बैठक में संगठनात्मक एकता, पत्रकारों के हितों की रक्षा, पत्रकारिता प्रशिक्षण और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की सक्रियता, आपसी सहयोग और जिम्मेदार कार्यशैली पर निर्भर करती है, इसलिए सभी सदस्यों को संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप मिलकर कार्य करना चाहिए। परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन को जिले से लेकर मंडल स्तर तक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प व्यक्त किया।

पदाधिकारियों एवं सदस्यों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में चित्रकूट धाम मंडल अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष ललित कुमार, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष श्रीकांत श्रीवास्तव, महिला जिलाध्यक्ष रूपा गोयल, महिला संरक्षक विनोद जैन, नीरज निगम, मोनिका सिंह, संध्या धुरिया, ओम, सीमा गिरी, जीवेश प्रकाश, कुलदीप मिश्रा, राजेश सिंह, राम महेश त्रिपाठी, सत्यम शिक्षित, सत्य नारायण निषाद, राजेंद्र मिश्रा, अमोद कुमार, मुलायम चंद, संदीप कुमार, धर्मेंद्र सिंह, मितेश कुमार, संदीप दीक्षित, सुरेंद्र कुमार, घासीराम निषाद, प्रभंजन कुमार, प्रीति साहू सहित अन्य सदस्य सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डिप्लोमा प्राप्त करने वाले पत्रकार साथियों के नाम नीरज निगम, श्रीकांत श्रीवास्तव, अमोद कुमार, मितेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, सत्य नारायण निषाद, प्रभंजन कुमार, दिलीप जैन। इस दौरान समाजसेवी घासीराम निषाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पत्रकारों की एकजुटता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम निषाद ने किया। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ललित कुमार ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

 

 

 

 

 

Must Read