HomeTrendingराम तेरी गंगा मैली: दूषित जल में डुबकी लगायेंगे श्रद्धालु

राम तेरी गंगा मैली: दूषित जल में डुबकी लगायेंगे श्रद्धालु

  • राम तेरी गंगा मैली: दूषित जल में डुबकी लगायेंगे श्रद्धालु

  • गंगा में बहते गन्दे नालों के बीच वीआईपी करेंगे गंगा आरती

  • कार्तिक मेले की तैयारियों के बीच एसडीएम के तबादले ने खड़े किये सवाल

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। पतित पावनी मां गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के दावे कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों के बीच दम तोड़ती नजर आ रही हैं। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद भी जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली में सुधार नजर नहीं आ रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि उच्चाधिकारियों के आदेश जिम्मेदारों के लिए कोई मायने नहीं रखता है। मेला सिर पर है लेकिन धरातल पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। घाटों पर फैली गंदगी, बदहाल वस्त्र परिवर्तन कक्ष, शौचालयों में फैली गंदगी, घाटों का अधूरा समतलीकरण, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की बदहाली श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ाने के लिए काफी हैं।
सवाल यह है कि जब समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई तो लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच मेला कैसे सुरक्षित और व्यवस्थित संपन्न होगा? क्या जिम्मेदार विभागों की नींद श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद टूटेगी? छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक नगरी डलमऊ के गंगा तट पर लगने वाले प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला में लाखों श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने की तैयारी कर रहे हैं। डलमऊ के महाकुंभ कहे जाने वाले इस महापर्व पर श्रद्धालुओं की भारी आस्था जुडी हुई है। कई वर्षों से गंगा की धारा में बहते गंदे नालों का पानी खुलेआम समाहित हो रहा है।
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर श्रद्धालु स्वच्छ गंगा में स्नान करेंगे या दूषित पानी में आस्था की डुबकी लगाएंगे? हालात यह हैं कि गंदे नाले के पानी के बीच ही मां गंगा की भव्य एवं दिव्या आरती और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराने की तैयारी है। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में जनपद एवं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले को लेकर प्रशासनिक अमले में बैठकों और निरीक्षण का दौर लगातार जारी है। जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने तथा मेले को सकुशल निपटने के लिए सख्त निर्देश भी दिए गए हैं लेकिन धरातल पर गंगा की स्वच्छता का मुद्दा ही जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है। गंगा में गिर रहे गंदे नालों के दूषित पानी को रोकने और स्नान घाटों को स्वच्छ रखने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि डलमऊ के वीआईपी घाट के बगल में गंदा नाला गंगा में प्रवाहित हो रहा है और किसी घाट पर मुख्य अतिथि एवं जनपद का प्रशासनिक अमला गंगा आरती कर मेले का शुभारंभ करेगा। उसके बाद भी गंगा में बहता गंदे नालों पर किसी भी जिम्मेदार की नजर नहीं पड़ रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मेले की तैयारियां अभी पूरी तरह पटरी पर भी नहीं आई थी कि अचानक जिलाधिकारी ने एसडीएम प्रीति सिंह को डलमऊ से हटा दिया। कहीं ऐसा तो नहीं मेले की तैयारी में हो रही लापरवाही का खामियाजा एसडीम प्रीति सिंह को तो नहीं भुगतना पड़ा। मेले के ठीक पहले मेलाधिकारी के अचानक हुए इस फेरबदल से सवाल उठना लाजिमी है। ऐसे समय में जब व्यवस्थाओं की निगरानी और विभागों से जवाबदेही तय कराने की जरूरत थी।
तबादले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल यह है कि जब गंगा की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की व्यवस्था ही सुनिश्चित नहीं हो पा रही तो लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? क्या जिम्मेदार विभाग मेले से पहले नालों के दूषित पानी को गंगा में गिरने से रोक पाएगा और समय रहते सारी व्यवस्थाएं पूर्ण हो पाएगी या इस बार भी कागजी दावों और औपचारिक निरीक्षणों के सहारे ही कार्तिक पूर्णिमा मेला संपन्न करा दिया जाएगा? अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्यवाही कराता है या आस्था के इस महापर्व में लाखों श्रद्धालुओं को दूषित जल एवं अव्यवस्थाओं के बीच स्नान करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?

 

 

 

 

Must Read