जौनपुर जंक्शन समेत अन्य स्टेशनों का रेल मंत्रालय के सदस्य ने जाना हाल

अजय पाण्डेय
जौनपुर। रेल मंत्रालय के सलाहकार सदस्य शिशिर सिंह ने जौनपुर जंक्शन समेत जनपद के विभिन्न रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित होने वाले जौनपुर जंक्शन पर उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा तय किये गए मानक और मौके पर उपलब्ध जन सुविधाओं का निरीक्षण किया। यात्रियों से बात करने के दौरान पता चला कि शौचालय में पानी और ड्रेनेज की उचित व्यवस्था नहीं है जिस पर उन्होंने तत्काल दुरुस्त करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साफ सफाई एवं रख—रखाव पर विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। बिल बुक न उपलब्ध कराने के बाबत कैंटीन संचालक को फटकार भी लगाई।
निरीक्षण के दौरान पत्रकार बंधुओं से उन्होंने कहा कि भारत का रेल नेटवर्क विश्व के सबसे बड़े और व्यस्ततम रेलवे नेटवर्क्स में से एक है। ये देश के हजारों शहरों और नगरों को परस्पर जोड़ते हुए लाखों लोगों को यातायात का एक महत्वपूर्ण साधन उपलब्ध कराता है। पिछले नौ वर्षों से भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसके अंतर्गत आधारभूत ढांचे, तकनीक और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बीते 6 अगस्त को राष्ट्र को समर्पित की गई “अमृत भारत स्टेशन योजना” के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों की पुनर्सज्जा, नई रेलवे लाइनें बिछाने, शत-प्रतिशत विद्युतीकरण और यात्रियों एवं परिसंपत्तियों की संरक्षा को बढ़ाने जैसी व्यापक गतिविधियां शामिल हैं। साथ ही इस योजना के मुख्य उद्देश्य होंगे। स्टेशनों का सिटी सेंटरों के रूप में विकसित करना, शहर के दोनों छोरों का एकीकरण करना, स्टेशन भवनों का सुधार व पुनर्विकास, आधुनिक यात्री सुविधाओं का प्रावधान, बेहतर यातायात व्यवस्था और इंटरमोडल इंटीग्रेशन, मार्गदर्शन के लिए एक-समान और सहायक सूचक चिन्ह, मास्टर प्लान में उचित संपत्ति विकास का प्रावधान, लैंडस्केपिंग, स्थानीय कला और संस्कृति को उजागर करना। इस योजना के अंतर्गत जौनपुर जनपद के अन्य स्टेशन जैसे की जंघई, शाहगंज एवं जफराबाद जंक्शन भी विकसित किये जाएँगे। निरीक्षण उपरांत वे रेल अधिकारियों से सीमित संसाधनों के बावजूद जन सुविधाओं के रखरखाव हेतु किये जा रहे प्रयासों से संतुष्ट दिखे।
जौनपुर जंक्शन के निरीक्षण उपरांत श्री सिंह ने जौनपुर सिटी एवं जफराबाद का भी निरीक्षण किया। वहां उपलब्ध जन सुविधाएं जांची और आम जनता से संवाद कर उनकी समस्यों को जाना। इस दौरान उनके साथ डॉ० आरके सिंह, प्रभाकर त्रिपाठी, जौनपुर स्टेशन के अधीक्षक उदय सिंह, कामर्शियल इंस्पेक्टर सुबोध विश्वकर्मा, इंस्पेक्टर आरपीएफ अमित कुमार, थानाध्यक्ष जीआरपी वीरेंद्र सोनकर सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










