प्रमुख सचिव ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने के दिये निर्देश
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। प्रदेश के प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग एवं महानिदेशक, उपाम एल. वेंकटेश्वर लू की अध्यक्षता में बचत भवन सभागार में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं सिविल, नीट, एडीए, जेईई, सीडीएस आदि की तैयारी करने वाले के मेधावी छात्रों का चयन कर उन्हें उच्च स्तरीय कोचिंग की सुविधा प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि अभ्युदय योजनान्तर्गत छात्र-छात्राओं की संख्या में वृद्धि करने के प्रयास किये जाएं, साथ ही संघ लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा समय समय पर विज्ञापित किये जाने वाले पदों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले विभिन्न स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का चयन किया जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उन छात्र-छात्राओं के लिए वरदान सरीखी है जो प्रतिभाशाली है जिनमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को उत्तीर्ण करने की क्षमता है लेकिन किन्हीं कारणवश वे महंगी कोचिंग ज्वाइन नहीं कर सकते। ऐसे प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए प्रत्येक जनपद में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रारम्भ की गई है जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों एवं युवा प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाती है।
बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि जनपद के युवा अधिकारी जो 2 से 5 वर्षो में आईएएस एवं पीसीएस या अन्य परीक्षाए उत्तीर्ण कर सेवा में आए हैं, उनसे कोचिंग की सेवाएं प्राप्त की जाएं। जनपद स्तर पर विगत वर्षो में जिन प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण की है, उन प्रतिभागियों से सम्पर्क कर अभ्युदय योजना से जुड़े छात्रों को कोचिंग कराई जानी चाहिए। इसी प्रकार जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी जाकर छात्रों को अभ्युदय योजना में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित करें। इस मौके पर जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











