बिहार सीमा पर इतिहास रचने की तैयारी
गुरवट नदी पर पुल निर्माण की सुगबुगाहट तेज
नौगढ़ से चैनपुर तक जगी विकास की नई उम्मीद
तेजस टूडे सं.
विरेन्द्र कुमार
नौगढ़, चंदौली। उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमाओं पर स्थित पिछड़े वनांचल क्षेत्रों के दिन अब जल्द ही बहुरने वाले हैं। चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के सीमावर्ती गांवों के लिए वर्षों से नासूर बनी गुरवट नदी पर पुल निर्माण को लेकर अब सरगर्मी तेज हो गई है। चकिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश आचार्य और बिहार सरकार के कद्दावर कैबिनेट मंत्री सह चैनपुर (कैमूर) विधायक मोहम्मद ज़मा ख़ान की इस मुद्दे पर बढ़ती सक्रियता ने सीमावर्ती इलाकों के लोगों में एक नई उम्मीद जगा दी है।
बरसात में टापू बन जाते हैं ये इलाके
तहसील क्षेत्र नौगढ़ के अंतर्गत आने वाले गुरवट, जमसोत और झरिया जैसे संवेदनशील और सीमावर्ती गांवों के बाशिंदों के लिए बिहार के कैमूर जिले से रोटी-बेटी का रिश्ता और गहरा व्यापारिक जुड़ाव है। इसके बावजूद गुरवट नदी पर पक्का पुल न होना इन क्षेत्रों के विकास में सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है। बरसात के दिनों में नदी उफान पर होती है जिससे नौगढ़ और चैनपुर के बीच का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। मरीजों को अस्पताल ले जाना हो या स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए जाना हो, ग्रामीणों को भारी फजीहत झेलनी पड़ती है। मजबूरन लोगों को लंबा चक्कर काटकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।
जनप्रतिनिधियों की पहल से जगी आस
स्थानीय जनता की इस चिर-प्रतीक्षित समस्या का समाधान निकालने के लिए अब यूपी और बिहार दोनों तरफ के जनप्रतिनिधि गंभीर नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की ओर से चकिया विधायक कैलाश आचार्य और बिहार सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद ज़मा ख़ान के बीच इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लेकर बन रही सहमति और चर्चाओं ने क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है। जानकारों का मानना है कि यदि यह पुल अस्तित्व में आता है तो न सिर्फ नौगढ़ और चैनपुर की दूरियां सिमटेंगी, बल्कि दोनों राज्यों के बीच व्यापार, आवागमन और आपसी सौहार्द को भी नए पंख लगेंगे।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
बरसों से उपेक्षा का शिकार रहे गुरवट, जमसोत और झरिया के ग्रामीणों ने दोनों जनप्रतिनिधियों की इस पहल का स्वागत किया है। इलाके के लोगों का कहना है कि यदि यह पुल बन गया तो उनके दशकों पुराने दर्द पर मरहम लग जाएगा। फिलहाल इस बहुप्रतीक्षित पुल के निर्माण को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और हर किसी की निगाहें अब इसके धरातल पर उतरने की प्रक्रिया पर टिकी हैं।











