नफरत की राजनीति भाजपा का हथियार: मोहम्मद आरिफ
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति मोहम्मद आरिफ ने शहर के एक होटल में प्रेस वार्ता करके भाजपा सरकार और उसकी नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार से सवाल किया। साथ ही कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार नफरत फैलाना है जबकि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की भागीदारी और सामाजिक न्याय की बात करती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के समर्थन से पीडीए की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।
उन्होंने विशेष रूप से पीलीभीत के गन्ना किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि शहर विधायक प्रदेश सरकार में गन्ना राज्य मंत्री भी हैं। इसके बावजूद जनपद के गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान बकाया है। किसानों को अपनी उपज का भुगतान पाने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जिले से ही गन्ना विभाग में मंत्री हैं तो किसानों की इस समस्या का समाधान अब तक क्यों नहीं हो पाया है।
सपा नेता ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से आम जनता परेशान है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। किसानों, युवाओं और गरीबों की समस्याओं का समाधान केवल दावों से नहीं, बल्कि जमीन पर ठोस काम करने से होगा। समाजवादी पार्टी जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और आने वाले समय में इन मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा।











