रेहना में लगातार चोरी से दहशत, मास्कधारी चोर पुलिस की पकड़ से दूर
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। उत्तर क्षेत्र थाना के अंतर्गत आने वाले रेहना सहित आस—पास के मोहल्लों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन परेशान हैं। बीते दो महीने में रेहना, जैन नगर, श्रीधाम नगर, नई आबादी और मथुरा नगर में कुल सात स्थानों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। इन घटनाओं के खुलासे न होने से मोहल्लेवासियों में नाराजगी और भय का माहौल है। आक्रोशित नागरिकों ने मंगलवार को एसपी सिटी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग किया।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि लगा
तार हो रही वारदातों से लोग रात को चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। जिन मोहल्लों में चोरी हुई, वहां स्थानीय लोगों ने खुद के खर्चे पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए हैं। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर कई बार दिखाई दिया है लेकिन उसने चेहरे पर मास्क पहन रखा है जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। दिलीप मिश्रा, धनंजय सिंह, राजेश यादव सहित अन्य मोहल्लेवासियों ने बताया कि वे बीते दो महीने से थाना उत्तर के चक्कर काट रहे हैं लेकिन अभी तक पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती तो शायद चोर अब तक पकड़ा जा चुका होता और आगे चोरी की घटनाएं रुक जातीं।पुलिस की निष्क्रियता से नाराज होकर मोहल्लेवासियों ने अब पुलिस अधीक्षक नगर से गुहार लगाई है। उन्होंने निवेदन किया है कि इन चोरी की घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा किया जाय, ताकि मोहल्ले में फिर से सुरक्षा और विश्वास का माहौल बन सके।एसपी सिटी ने शिकायत सुनने के बाद लोगों को भरोसा दिलाया है कि इन मामलों में गंभीरता से जांच की जा रही है और बहुत जल्द मास्क पहनकर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे धरना प्रदर्शन या जन आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














