सरदार पटेल की जयन्ती पर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा उरई
विद्यार्थियों की रैली से गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाई गई। विद्यार्थियों की सहभागिता से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई जिसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सर्वोदय इंटर कॉलेज से पीली कोठी, उरई तक रैली निकाली गई।
रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं जिलाधिकारी समीर ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाले स्लोगन और देशभक्ति के भाव के साथ निकले विद्यार्थियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। डॉ. अनुरागी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि लौह पुरुष की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता ने देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
राष्ट्रीय एकता दिवस हमें उन महान विभूतियों के योगदान को स्मरण करने का अवसर देता है जिन्होंने देश की स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्र निर्माण के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए अनुशासन, एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता किया।











