HomeTrendingरूपये वापस मांगने पर गयी नीतेश की जान

रूपये वापस मांगने पर गयी नीतेश की जान

  • रूपये वापस मांगने पर गयी नीतेश की जान

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत डफरपुर चौराहे के पास हुई नीतेश मौर्या की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस द्वारा चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी द्वारा घटना के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक निर्देश दिये गये। सर्विलांस व थाना बड्डूपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा डिजिटल डेटा एवं सीसीटीवी की मदद से अभियुक्त अंकित गुप्ता निवासी सरैया, दीपू उर्फ दिलीप वर्मा निवासी फरीदपुर, अमरेन्द्र वर्मा निवासी शेहारुखेड़ा एवं मनोज मौर्या निवासी सरैया जनपद सीतापुर को भगौली पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जें से एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गयी।
पूछताछ एवं जांच में पता चला कि मृतक नीतेश से अभियुक्त मनोज मौर्या द्वारा RO प्लांट लगवाने के लिए 14 लाख रुपया लिया गया था। मृतक नीतेश मौर्या अभियुक्त मनोज मौर्या के साथ धान खरीद का भी काम करता था।अभियुक्त मनोज द्वारा धान खरीद में भी 10 लाख का घपला कर रुपये हड़प लिये गये थे। मृतक नीतेश अपना रुपया मनोज से बार-बार मांग रहा था। अभियुक्त मनोज अपने दूसरे साथी अंकित गुप्ता के साथ भी धान खरीद का काम करता था। मृतक नीतेश एक महिला से बातचीत करता था तथा अभियुक्त अंकित भी उस महिला से बातचीत करता था। इन्ही रंजिश को लेकर अभियुक्त मनोज व अंकित गुप्ता ने मिलकर नीतेश मौर्या की हत्या की योजना बनाई। अभियुक्त मनोज ने दीपू उर्फ दिलीप वर्मा को 5 लाख रुपये में नीतेश मौर्या की हत्या करने के लिए राजी किया। अभियुक्त दीपू उर्फ दिलीप ने अभियुक्त अमरेन्द्र व 2 अन्य लोगों को हत्या करने के लिए तैयार किया।
बीते 29 अक्टूबर को नीतेश मोटरसाइकिल से अपनी बहन के घर बक्शी का तालाब लखनऊ से वापस आ रहा था इस बात की जानकारी उक्त महिला द्वारा अंकित गुप्ता को फोन पर दी गयी। अभियुक्त द्वारा योजनाबद्ध तरीके से मृतक नीतेश को थाना बड्डूपुर क्षेत्रान्तर्गत डफरपुर के आगे डा0 राजेन्द्र प्रसाद हास्पिटल के पास चार पहिया वाहन में बिठा लिया गया। नीतेश के मोटरसाइकिल व सिलेण्डर वहीं सड़क किनारे खड़ी कर दिया तथा नीतेश को पन्नू फैमिली रेस्टोरेंट थाना पिसावां जनपद सीतापुर से करीब 200 मी0 आगे ट्यूबेल पर ले जाकर गला काट दिया। स्थानीय पुलिस द्वारा सूचना प्राप्त होने पर नीतेश को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

 

 

 

 

Must Read