जिले में अब स्कैनिंग के बाद मिलेगी शौकीनों को शराब
963261
जिले में अब स्कैनिंग के बाद मिलेगी शौकीनों को शराब
हर ठेके पर बार कोड स्कैन करके होगी सेलिंग अनुज्ञापियों को शराब बिक्री के नियम का आबकारी अधिकारी ने पाठ पढ़ाया अंकित सक्सेना बदायूं। बदायूं में अब किसी भी ठेके पर शराब या बीयर बार कोड स्कैनिंग के बाद ही शौकीन लोगों को दी जाएगी। 1 सितंबर से यह व्यवस्था पूरे जिले में लागू होने जा रही है। इसके लिए अपर आबकारी आयुक्त टास्क फोर्स हरिश्चंद्र का निर्देश भी यहां पहुंच चुका है। सोमवार को जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने जिलेभर के ठेकेदारों की बैठक लेकर उन्हें इसी नियम के तहत बिक्री करने का निर्देश दिया है। जिले में देशी शराब के 256 ठेके हैं। वहीं अंग्रेजी अथवा विदेशी शराब की 61 दुकानें हैं। वहीं 46 दुकानों पर बीयर मिलती है।
इसके अलावा दो माडल शाप भी यहां अधीकृत हैं जिनमें बैठकर मदिरा का सेवन किया जा सकता है। पिछले दिनों शासनस्तर पर शराब बिक्री को लेकर आबकारी नीति में कुछ बदलाव आया और इसका अब एक सितंबर से पालन कराया जाएगा। हर दुकान पर कितनी शराब आई, यह पहले से ही गोदाम में लिखा-पढ़ी कर ली जाती है। सारा डाटा भी आनलाइन हो जाता है जबकि बिक्री का रिकार्ड महज दुकानों के स्टाक रजिस्ट्रर में रहता है। फिर चाहें रजिस्ट्रर मेंटेन हो या नहीं। या फिर रिकार्ड में जो दर्ज हो, उतनी ही शराब दुकान में हो, बाकी की यहां-वहां भेजी जा चुकी हो लेकिन अब पौवे से लेकर बोतल अथवा बीयर तक जो भी बिक्री होगी। उसका बार कोड स्कैन किया जाएगा। यह आनलाइन व्यवस्था होगी।
ठेकों पर तैनात सेल्समैनों को इसका प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। सभी के मोबाइल में इसके लिए विभाग की ओर से जारी एप भी डाउनलोड करा दिया गया है। इसमें प्रत्येक सेल्समैन की आईडी समेत पूरी कुंडली फीड है। जो भी शराब बिकेगी, उसे स्कैन करना जरूरी है, ताकि स्टाक मिलान में पारदर्शिता रहे। वहीं एक ठेके से दूसरे ठेके पर माल न भेजा जा सके। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि सेल्समैनों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब 1 सितंबर से व्यवस्था पूरी तरह लागू होगी। हालांकि अभी भी स्कैनिंग के बाद ही शराब की बिक्री कराई जा रही है, ताकि किसी सेल्समैन को कहीं दिक्कत आए तो उसका समाधान किया जा सके। अनुज्ञापी भी इस व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।