गोधना में हुई हत्या की घटना का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

केजी वर्मा एडवोकेट
मिर्ज़ापुर। पुलिस अधीक्षक नक्सल ओपी सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि गत दिवस थाना कछवां पर 15 मई को वादी अजीत मौर्या पुत्र स्व0 मुन्ना मौर्या निवासी ग्राम गोधना थाना कछवां द्वारा अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध वादी के पिता मुन्ना मौर्या की हत्या करने के सम्बन्ध में तहरीर दी गयी थी। इसी आधार पर थाना कछवां पर धारा 302 भादंवि पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गयी।
पुलिस अधीक्षक ‘अभिनंदन’ द्वारा तत्समय घटनास्थल का निरीक्षण कर अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पुलिस टीमें गठित कर घटना का यथाशीघ्र सफल अनावरण करने हेतु निर्देश दिये गये थे। उक्त निर्देश के अनुक्रम में थाना कछवां पर पंजीकृत उक्त अभियोग की विवेचना के क्रम में सुरागरसी पतारसी व इलेक्ट्रानिक/भौतिक साक्ष्य संकलित करते हुए थाना कछवां व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर थाना कछवां क्षेत्रांतर्गत भैंसा नहर पुलिया चकनन्दा मोड़ के पास से घटना से सम्बन्धित प्रकाश में आये दिनेश मौर्या पुत्र शीतला प्रसाद मौर्या व गणेश बिन्द पुत्र जोखू बिन्द निवासीगण गोधना थाना कछवां जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक लोहे का राड एल नूमा व ईंट का टुकडा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध अंतर्गत धारा 302,34 भादंवि में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा पूछताछ में बताया गया कि दिनेश मौर्या, मुन्ना मौर्या (मृतक) की पत्नी से एकतरफा प्रेम करता था तथा मुन्ना मौर्या की जमीन हड़पने की लालच में अपने साथी गणेश बिन्द के साथ मिल कर योजनाबद्ध तरीके से मुन्ना मौर्या को शराब पिलाकर घर जाते समय ईंट व लोहे के राड से मारकर हत्या कर दी गयी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














