पिता की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे मां-बेटे को डम्पर ने रौंदा, हुई दर्दनाक मौत
तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ में सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। पिता की अस्थियां विसर्जित करने अयोध्या जा रहे मां-बेटे की डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार करीब 8 दिन पहले सर्वेश वर्मा के पिता का निधन हो गया था। सोमवार को सर्वेश अपनी 65 वर्षीय मां शर्मावती के साथ बाइक से पिता की अस्थियां सरयू नदी में विसर्जित करने अयोध्या जा रहे थे। घर से करीब 10 किलोमीटर दूर भानमऊ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक डंपर के पहिए में फंस गई और करीब 300 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में मां शर्मावती और बेटे सर्वेश वर्मा (40) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में मां का शव सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया जबकि बेटे का एक पैर शरीर से अलग होकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरा।
सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। जिस पिता की अस्थियां विसर्जित करने मां-बेटे घर से निकले थे, उन्हें क्या पता था कि रास्ते में ही दोनों की जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर करके रख दिया।











