HomeTrendingमहादेवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

महादेवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

  • महादेवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। रामनगर तहसील स्थित पौराणिक एवं धार्मिक स्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में आयोजित होने वाले महादेवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। बैठक में महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सात दिवसीय महादेवा महोत्सव का आयोजन आगामी 6 से 12 दिसम्बर तक किया जायेगा।

धार्मिक आयोजन के साथ पर्यटन विकास पर भी रहेगा फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि महादेवा महोत्सव जनपद की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। हमारा विशेष फोकस केवल महोत्सव के भव्य आयोजन तक सीमित न होकर श्री लोधेश्वर महादेव धाम सहित आस—पास के क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर भी होना चाहिए। इसके लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को भी बढ़ावा दिया जा सके।

भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
जिलाधिकारी ने महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूप—रेखा समय से तैयार करने तथा कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाय। महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक गतिविधियों के साथ क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया जाय।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत पेयजल, विद्युत, प्रकाश, साफ-सफाई, चिकित्सा, शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को भी सक्रिय रखा जाय।

जनकल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार
जिलाधिकारी ने महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि एलईडी वैन, होर्डिंग एवं बैनर के माध्यम से शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके।

जनसहभागिता से सफल होगा महादेवा महोत्सव
जिलाधिकारी ने कहा कि महादेवा महोत्सव जनपद की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक संगठनों एवं मेला समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील किया।

 

 

 

 

Must Read