Jaunpur News : मुम्बई से घर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत
राजेश पाल
धर्मापुर, जौनपुर। बाइक से मुम्बई से घर लौट रहे युवक की गुरुवार की देर रात रास्ते में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के बिहरोजपुर गांव निवासी गोरखनाथ पुत्र धर्मराज निषाद (25) रोजगार के लिये मुंबई में रहता था।

किसी जरूरी कार्य से अचानक उसे मुंबई से अपाचे मोटर बाइक लेकर घर के लिये रवाना होना पड़ा। बीती रात मध्य प्रदेश में हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जेब में रखे पहचान-पत्र से मध्य प्रदेश की पुलिस ने जफराबाद पुलिस को सूचित किया। जफराबाद पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दिया। परिजन युवक के शव को लेने के लिये रवाना हो गये। वहीं मौत की सूचना मिलने पर परिजन में कोहराम मचा हुआ है।


