HomeJaunpurJaunpur News: कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की हुई दर्दनाक...

Jaunpur News: कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की हुई दर्दनाक मौत

  • कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की हुई दर्दनाक मौत

  • 18 नवम्बर को होनी थी बेटी की शादी

  • भदोही से निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे मां-बेटा

तेजस टूडे सं.
अतुल जायसवाल
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम कुंभापुर निवासी निर्मला पत्नी स्व. राजमनि गौतम अपने पुत्र सचिन के साथ भदोही से बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड वितरित कर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामपुर सेमुही मोड़ के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टक्कर लगते ही निर्मला सड़क पर गिर पड़ीं। आरोप है कि कार चालक महिला को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल रामपुर थाने को सूचना दी और महिला को उपचार के लिए मड़ियाहूं स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।

बेटे सचिन ने बयां किया दर्दनाक हादसे का मंजर
मृतका के पुत्र सचिन ने बताया कि उसकी बहन की शादी 18 नवंबर को तय है। इसी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए वह अपनी मां के साथ भदोही गया था। वहां से कार्ड वितरित कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से आई कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस घर में कुछ दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब मां की मौत से मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की कार्यवाही
इस संबंध में रामपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल कार का नंबर बताया गया है। पुलिस को वाहन का नंबर मिल गया है। जल्द ही वाहन का पता लगाकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस दर्दनाक हादसे से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

 

 

 

 

Must Read