छठ पूजा: डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य
छठी मैया की गीतों से गुंजायमान हुआ घाट
व्रती महिलाओं ने सूप में धूप, दीप, पूजन सामग्री रखकर किया पूजन—अर्चन
तेजस टूडे सं.
बिपिन सैनी
जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम मंदिर के बगल में स्थित पवित्र कुंड में रविवार की सायं महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने शाम होने के पूर्व पवित्र कुंड पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को नमन कर पहला अर्घ्य दिया। व्रती महिलाओं ने पवित्र कुंड में सूप में धूप दीप पूजन सामग्री रख खड़े होकर पूजन किया। व्रती महिलाओं ने अर्घ्य देने के साथ ही छठ मइया से विश्व कल्याण और परिवार के सुख-समृद्धि की प्रार्थना किया।
धाम क्षेत्र में बीते कुछ सालों पहले तक छठ पूजा पर्व बहुत कम संख्या में मनाते थे लेकिन अब नगर क्षेत्र में धीरे-धीरे लोगों की संख्या पिछले कुछ वर्ष की भाती इस वर्ष पवित्र कुंड में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। छठ पूजा पर्व के प्रति लोगों का आस्था विश्वास प्रेम देखने को मिल रहा है। बिहार राज्य से शुरू हुई पूजा आज पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। अब इस पर्व को मनाने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या है।
छठ पूजा पर्व को देखते हुए नगर पालिका कर्मचारी इमरान सहयोगी सफाई कर्मचारियों द्वारा घाटों की सीढ़ियों, सफाई, चूने का छिड़काव किया गया। सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उगते हुये सूर्य को अर्घ देकर छठ पूजा समापन कर व्रत का पारण करेंगी। सुरक्षा की दृष्टि से शीतला चौकियां चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों समेत पवित्र कुण्ड में तैनात रहे।













