बेमौसम बारिश ने बर्बाद की धान की फसल, किसानों की बढ़ी चिन्ता
तेजस टूडे सं.
सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवा-तूफान से धान की तैयार फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई किसानों ने धान की फसल काटकर खेत में सुखाने के लिए रखी थी लेकिन अचानक हुई बारिश से फसल पूरी तरह भीग गई और खराब होने लगी।
प्रगतिशील किसान जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने धान की फसल काटकर खेत में रखी थी। बारिश होने से पूरी फसल भीग गई जिससे उसके खराब होने की आशंका बढ़ गई है। वहीं किसान लालमणि मौर्य ने बताया कि बारिश और तूफान से उनकी धान की फसल को पूरी तरह नुकसान पहुंचा है।
किसानों का कहना है कि धान की फसल तैयार होने के बाद उन्हें अच्छी पैदावार और आमदनी की उम्मीद थी लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों ने बताया कि एक तरफ महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है, वहीं प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है। किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।











