Jaunpur News : ब्लाक प्रमुख सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री का किया भव्य स्वागत
Jaunpur News : ब्लाक प्रमुख सत्येन्द्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री का किया भव्य स्वागत
अमित शुक्ला
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सार्वजनिक पीजी कालेज में रविवार को जौनपुर से प्रतापगढ़ जाते समय प्रदेश सरकार के ग्राम विकास मन्त्री राजेन्द्र प्रताप सिंह का ब्लाक प्रमुख सत्येन्द्र सिंह फंटू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने माल्यार्पण करके भव्य स्वागत किया। इस मौके पर कैबिनेट मन्त्री श्री सिंह ने कहा कि मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र से हमारा पुराना सम्बन्ध है। उन्होंने उत्तर प्रदेश गन्ना सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं पूर्व विधायक विनोद सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि वह हमारे परम् मित्र मार्गदर्शक रहे। उनके द्वारा दिए गए स्नेह को कभी नहीं भूल सकता।
उन्होंने मुंगराबादशाहपुरवासियों विशेषकर ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए बिना किसी लालच और बहकावे में आए स्व0 विनोद जी के पुत्र को ब्लाक प्रमुख बनाया है। मैं जब तक राजनीति में रहूँगा, तब तक आप सबकी कोई भी समस्या जो फंटू सिंह द्वारा मेरे पास तक पहुँचाई जाएगी, उसका निराकरण करने का पूरा प्रयास करूँगा। इसके पहले लोगों ने माल्यार्पण करते हुये बुकें, अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर कैबिनेट मन्त्री का स्वागत किया। वहीं ब्लाक प्रमुख सत्येन्द्र सिंह ने कैबिनेट मंत्री को शाल ओढ़ाते हुये स्मृति चिन्ह भेंट करके स्वागत किया।
इसके पहले मंत्री जी ने इन्दिरा गांधी स्टेडियम नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाले क्षेत्र के छनेहता गाँव निवासी सुजीत सिंह को सिल्वर मेडल एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व आईजी नागेन्द्र बहादुर सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख कमला शंकर मिश्रा, पूर्व उप ब्लाक प्रमुख जितेन्द्र सिंह, उदय सिंह, जिला विकास अधिकारी बृजभान सिंह, खण्ड विकास अधिकारी सुरेन्द्र सिंह, विनोद सिंह प्रधानाचार्य, सुरेन्द्र सिंह, अनुपम तिवारी, सुनील सिंह, वीरेन्द्र सिंह, नवल सिंह, काजल सिंह, आलोक गुप्त सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।