आस्था के समंदर में डूबा कस्बा, व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
भारती विद्यापीठ एवं फक्कड़ बाबा की कुटिया छठ घाट पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। डूबते सूरज की लालिमा जब आसमान को अपने रंग में रंग रही थी तब कस्बे के छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा दिखाई दे रहा था। किसी के सिर पर पूजन सामग्री से सजा दउरा था तो किसी के हाथों में फल, फूल और दीपों से सजी पूजा की थाली। जल में खड़ी व्रती महिलाओं की आँखों में अटूट श्रद्धा और मन में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना थी। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को कस्बे के भारती विद्यापीठ और फक्कड़ बाबा की कुटिया स्थित छठ घाट श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहे। व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना किया।
घाटों पर दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुँचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे शाम करीब आती गई, वैसे-वैसे घाटों की रौनक और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजी महिलाएं सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री लेकर घाटों की ओर बढ़ती नजर आईं। पूनम राय के नेतृत्व में गोरारी से महिलाओं के साथ घाटों पर पहुँचकर व्रती महिलाओं ने नदी और जलाशय के किनारे विधिवत पूजा-अर्चना की। सूर्यदेव के अस्ताचल की ओर बढ़ते ही व्रती महिलाएं जल में खड़ी होकर हाथ जोड़कर आराधना में लीन हो गईं। इसके बाद दूध और जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भारती विद्यापीठ और फक्कड़ बाबा की कुटिया स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। परिवार के सदस्य भी व्रतियों के साथ घाटों पर पहुँचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस महापर्व की खुशियों में सहभागी बना। कहीं पूजा की तैयारियां चल रही थीं तो कहीं दीपों की रोशनी और छठी मइया के गीतों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया था। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच घाटों पर मेले जैसा दृश्य नजर आया।
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब व्रती महिलाएं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करके 4 दिवसीय अनुष्ठान का समापन करेंगी। साथ ही छठी मइया से परिवार की मंगलकामना करते हुए व्रत का पारण किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत व राजस्व विभाग की टीम सक्रिय रही। कार्यक्रम मनीष गुप्ता धर्मरक्षक, फलाहारी बाबा, वीरेंद्र, सुरेंद्र पांडेय की देख—रेख में सम्पन्न हुआ।











