HomeJaunpurJaunpur News: त्रिलोचन महादेव धाम पर छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा

Jaunpur News: त्रिलोचन महादेव धाम पर छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा

  • त्रिलोचन महादेव धाम पर छठ महापर्व की दिखी अद्भुत छटा

  • आस्था एवं श्रद्धा का उमड़ा जनसैलाब

तेजस टूडे सं.
अतुल राय
जलालपुर, जौनपुर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोचन महादेव धाम पर लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने भगवान सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और सुख-शांति की कामना किया।

छठ महापर्व को लेकर त्रिलोचन महादेव धाम परिसर सहित आस—पास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई थी। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, फूल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री से सजे बांस के सूप एवं डाले लेकर पूजा-अर्चना में जुटी रहीं। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना किया। वहीं चौथे दिन प्रातःकाल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया। श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा, पवित्रता और नियम-संयम के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना किया।
छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता, समर्पण और प्रकृति के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है। इस पर्व में सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर सहयोग और भाईचारे की मिसाल पेश करते हैं। त्रिलोचन महादेव धाम में छठ महापर्व पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना किया।

 

 

 

 

Must Read