नाव घाट पर भव्य रूप से मनायी गयी छठ पूजा, उगते सूर्य को दिया गया अर्घ्य
तेजस टूडे सं.
राजेश पाल
जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत के नाव घाट पर छठ पूजा भव्य रूप से मनाई गई। रविवार की सुबह सूरज उदय होते ही व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना किया। नगर पंचायत द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह पहुंचे जहां चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
साथ ही डा. खान ने बताया कि इस छठ पूजा पर नगर पंचायत द्वारा सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण किया गया है। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई तथा पूरे घाट पर भव्य सजावट की गई थी। नदी में कोई अप्रिय घटना न हो उसके लिए गोताखोर की व्यवस्था की गई थी। छठ घाट पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखकर लोग भाव—विभोर हो गये।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पोर्टेबल सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। वहीं समाजसेवी व वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि छठ पूजा आस्था का प्रतीक है। यह पर्व श्रद्धा, भक्ति और सूर्य उपासना का संदेश देता है। इस अवसर पर ईओ विजय सिंह, सभासद सुनीता देवी, जोगेंद्र निषाद, ओवैश खान, शाहनवाज, वेद प्रकाश सहित तमाम लोग मौजूद रहे।











