Jaunpur News : तुम्हारी फाइलों में गांव का मौसम गुलाबी है मगर ये आंकड़े झूठे हैं…
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। जौनपुर में बसपा शासनकाल में गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए बने कांशीराम आवासों की हालत जर्जर हो चुकी है। अधिकांश मकानों में दरार और लेंटर से पानी टपक रहा है लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं काशीराम कालोनी में साफ सफाई, बिजली, पानी की समस्या व रास्ते का अहम समस्या से वहां के लोग जूझ रहे हैं।

वर्ष 2009 में बसपा सरकार ने शाहगंज के आजमगढ़ रोड स्थित कांशीराम कालोनी में गरीब वर्ग के लगभग 250 परिवारों के लिए आवासों का आवंटन किया था। दस साल में इन आवासों की स्थिति खस्ताहाल हो गई है। अधिकांश आवास जर्जर हो चुके हैं। लोगों को इनमें रहने में भी डर लगता है। कहीं बरसात के मौसम छतों का प्लास्टर उनके ऊपर नहीं गिर जाए। कई आवासों में जगह-जगह दरारें आ गई हैं। खिड़की के स्लैब टूटकर नीचे गिरने लगे हैं। लेंटर से पानी टपकने लगा है। स्थानीय लोगों की मानें तो बसपा सरकार के समय में ही कांशीराम कालोनी में सभी सुविधाएं ठीक ठाक थीं लेकिन सत्ता बदलते ही मुसीबत ऐसी बढ़ी कि यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं तक के लिए तरस रहे हैं। कालोनी में नियमित सफाई भी नहीं की जा रही है जिससे वहां की नालियां गंदगी से बज बजा रही है। वहीं जगह-जगह भी कूड़े का ढेर लगा हुआ है। शौचालयों पर बनी स्लैब भी टूट चुकी है। कांशीराम कालोनी का साफ सफाई का करने का जिम्मा शाहगंज नगर पालिका का है लेकिन कांशीराम कालोनी की तस्वीर देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि केवल साफ सफाई के नाम से खानापूर्ति किया जाता है। काशी राम कालोनी के लोंगो का कहना है कि चुनाव के समय वोट के लिए पहुंचने वाले नेता बड़े-बड़े वादा करते हैं लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई हाल-चाल पूछने वाला नहीं होता है। ऐसे में नगर निकाय चुनाव की बिगुल बजने वाला है और यहां की जनता अपने आपको ठगी महसूस करते हुए इस बार अपना जनप्रतिनिधि सोच-समझकर चुनने का मन बना चुकी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















