गोमती नदी किनारे चला गीत गायकों के सूरों का जादू…
उदयाचल सूर्य को अर्घ्य के साथ दो दिवसीय छठ महोत्सव सम्पन्न
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पर गोमती घाट पर आयोजित छठ महोत्सव का समापन उदयाचल गामी भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ हुआ। भोजपुरी विकास मंच एवं छठ पूजा आयोजन समिति की ओर से भामा शाह नमामि गंगे गोमती घाट पर आयोजित छठ महोत्सव में गीत गायकों ने उदयाचल सूर्य को अर्घ्य दे रही व्रती महिलाओं एवं उनके परिजनों को अपनी सधी हुई गायकी से बांधे रखा। छठ महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार की सुबह संगीत घराने के सूर्य प्रकाश मिश्र ने राग भैरवी से शुभारंभ किया।
इसके पश्चात सुर संग्राम के उप विजेता हरिओम तिवारी, आशीष पाठक अमृत, विकास सिंह रागी, विवेक वरदान मिश्रा, अभिषेक मयंक, गुलाब राही, बिंदु यादव, बृजेश दूबे आदि गायकों ने एक से एक गीत प्रस्तुत करके लोगों को मंत्र—मुग्ध कर दिया। 7 साल की छोटी बच्ची आराध्या सिंह ने अंश हनुमान फिल्म का धार्मिक गीत प्रस्तुत करके खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिनेश टंडन, श्री दुर्गा पूजा महा समिति के संरक्षक निखिलेश सिंह, सोमेश्वर केसरवानी, अपना दल के
पप्पू माली, भाजपा नेता सुधांशु सिंह, सपा एमएलसी प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट जिला अस्पताल संजय सिंह, गुलाब यादव ने गायक कलाकारों को अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
भाजपा नेता इं. कृष्ण कुमार जायसवाल मुन्नू, स्वच्छ गोमती अभियान के अगुवा गौतम गुप्ता, राजकुमार सिंह ने पत्रकार अखिलेश सिंह, आनन्द सिंह, वंदेश सिंह, अमित निगम, रोहित चौबे आदि को सम्मानित किया। इस अवसर पर अनेक विशिष्टजन एवं जिले के सभी गायक कलाकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ हर्षित गुप्ता ने किया। अन्त में कार्यक्रम संयोजक राजकुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया।














