अधिकारों के साथ नागरिकों को कर्तव्यों का बोध भी कराता है संविधान
समतामूलक एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिये संवैधानिक मूल्यों का सम्मान जरूरी: डा. प्रेम प्रकाश
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। संविधान दिवस पर कलावती हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. प्रेम प्रकाश ने नागरिकों से संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। यह हमें अपने सामाजिक और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक बनाता है।
डॉ. प्रेम प्रकाश ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और समतामूलक समाज की मजबूत आधारशिला है। समाज में किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति अथवा शारीरिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। बेहतर समाज के निर्माण के लिए आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव, वैज्ञानिक सोच और एक-दूसरे के अधिकारों के प्रति सम्मान की भावना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने की सार्थकता तभी है जब हम संवैधानिक आदर्शों को केवल भाषणों और आयोजनों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक व्यवहार में भी अपनाएं। प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। कानून का सम्मान, सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अपनाकर ही एक सशक्त, स्वस्थ और विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।











