भानपुर में गूंजा सरदार पटेल का जयघोष, राममूर्ति वर्मा ने प्रतिमा का किया अनावरण
तेजस टूडे सं.
आशीष मौर्य
सुरेरी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के भानपुर स्थित सरदार पटेल ग्राउंड में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं टांडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राममूर्ति वर्मा ने सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण करते हुये उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान पूरा परिसर सरदार पटेल के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम का आयोजन विभूति नारायण पटेल के नेतृत्व में किया गया। समारोह में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस मौके पर आयोजक विभूति नारायण पटेल ने मुख्य अतिथि राममूर्ति वर्मा को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, चांदी का मुकुट एवं सरदार पटेल की प्रतिमा भेंट करके सम्मानित किया। साथ ही मंचासीन अतिथियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का माल्यार्पण करके अंगवस्त्र भेंट करते हुए स्वागत किया।
वहीं वक्ताओं ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान, राष्ट्र के प्रति समर्पण और अदम्य साहस पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। आज की युवा पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रामू मौर्य, जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, मड़ियाहूं की पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, मल्हनी विधायक लकी यादव, ग्राम प्रधान विजय पटेल सहित समाजवादी पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे क्षेत्रीय नागरिकों ने भी सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, उत्साह और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला। अंत में आयोजक विभूति नारायण पटेल ने मुख्य अतिथि, मंचासीन अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।












