Jaunpur News : दुकानदारों को पीएम स्वनिधि योजना के बारे में किया गया जागरूक
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कस्बे में गुरुवार को उपजिलाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद की टीम ने कोतवाली रोड पर दुकानदारों को पीएम स्वनिधि योजना के बारे में जागरूक किया। इस दौरान लोगों को डिजिटल पेमेंट के माध्यम से व्यापार करने के लिये प्रेरित किया गया।

टीम ने पांच दुकानदारों को डिजिटल पेमेंट का प्रशिक्षण भी दिया। जानकारी के अनुसार उपजिलाधिकारी गुरुवार की दोपहर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी, राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र शर्मा और अन्य कर्मचारियों के साथ कोतवाली रोड पर रेहड़ी पटरी वाले दुकानदारों के पास पहुंचे और उन्हें पीएम स्वनिधि योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में सबसे ज्यादा असर रेहड़ी और पटरी दुकानदारों पर पड़ा जिसके बाद इस योजना की शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि इसमें ब्याज में सब्सिडी के साथ लोन की व्यवस्था है, जो पहले चरण में दस हजार और उसे जमाकर देने के बाद बीस हजार रुपये हो जाती है। इस रकम पर बनने वाले ब्याज में सरकार सात फीसदी की सब्सिडी भी देती है। एसडीएम ने कहा कि अगर दुकानदार डिजिटल पेमेंट के माध्यम से व्यापार करें तो उनके ब्याज की रकम की भरपाई हो सकती है क्योंकि डिजिटल पेमेंट में कैशबैक की सुविधा मौजूद है। इसमें प्रतिमाह दो सौ बार लेनदेन करने से सौ रुपये कैशबैक मिलते हैं, जो कि साल का 1200 हो जाता है। डिजिटल पेमेंट गूगल पे, फोन पे, पेटीएम और भीम ऐप के माध्यम से किया जा सकता है। पांच दुकानदारों को टीम ने डिजिटल पेमेंट करने के लिये प्रशिक्षित भी किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















