JAUNPUR NEWS : एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर महिलाओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
उमरवार से देशी शराब की दुकान हटाने को लेकर महिलाओं ने खोला मोर्चा
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के उमरवार गांव से देशी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर एक दर्जन ग्रामीण महिलाओं ने शनिवार को एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और समाधान दिवस कार्यक्रम में पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं की शिकायत है कि दुकान रतनूपुर बाजार के नाम से है लेकिन अवैध ढंग से उसे उमरवार गांव में खोला गया है।
महिलाओं के अनुसार दुकान के बग़ल में ही एक जूनियर हाईस्कूल है जिसके कारण स्कूल के बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। महिलाओं के मुताबिक शराब की दुकान पर बैठकर पीने वाले लोग अक्सर गालियां बकते हैं और उस रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और किशोरियों को देखकर कमेंट पास करते हैं। महिलाओं का कहना है कि एक पखवाड़ा पहले उन्होंने चन्दवक थाना पुलिस को तहरीर दिया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।
प्रदर्शन करने वालों में संगीता देवी, प्रीति, रेखा, सुमित्रा, पुष्पा, अनिता, गीता, सुमन, ज्योति आदि महिलाएं शामिल रहीं। बाद में महिलाओं ने समाधान दिवस कार्यक्रम में पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने जांच कराकर समुचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











