प्राथमिक विद्यालय शकरमण्डी में हुई अभिभावक-शिक्षक बैठक
नियमित उपस्थिति एवं निपुण आकलन पर दिया गया जोर
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। नगर शिक्षा अधिकारी के निर्देश के क्रम में शुक्रवार को नगर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय शकरमण्डी में अभिभावक-शिक्षक मासिक बैठक हुई। बैठक में अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और बच्चों की शैक्षिक प्रगति में सहयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाध्यापिका कविता मौर्या सहित उपस्थित अभिभावकों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया। प्रधानाध्यापिका ने अभिभावकों से बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील करते हुये बताया कि आगामी माह में निपुण आकलन होना है जिसके दृष्टिगत विद्यालय में नियमित पढ़ाई के साथ घर पर भी बच्चों को अध्ययन के लिए उचित समय और सहयोग देना आवश्यक है।
अभिभावकों ने विश्वास दिलाया कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजेंगे तथा घर पर भी उनकी पढ़ाई में सहयोग करेंगे। बच्चों में नियमित उपस्थिति की आदत विकसित करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक कक्षा में लगातार उपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। वहीं अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
जनपद के एसआरजी (स्टेट रिसोर्स ग्रुप) अजय मौर्य ने एचपीसी (होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड) के संदर्भ में अभिभावकों को बच्चों की प्रगति रिपोर्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दिया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षिक प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक हृदय नारायण वर्मा, अतुल गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करके बच्चों की नियमित उपस्थिति, सीखने की क्षमता तथा शैक्षिक उपलब्धियों में सुधार लाना रहा।













