दीवार तोड़ने का विरोध किया तो परिवार पर बरसे लाठी-डण्डे
महिला-बच्चों समेत कई लोगों से मारपीट का आरोप
मकान भी क्षतिग्रस्त, सात आरोपितों पर मुकदमा दर्ज
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। अपने ही घर की दीवार तोड़ने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया। मारपीट में परिवार के लोगों, महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। चीख-पुकार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला क्षेत्र के भदैला गांव का है। गांव निवासी अदालती प्रसाद पुत्र स्व. रामजीत के अनुसार शुक्रवार दोपहर गांव के ही कुछ लोग उनके घर पहुंचे और करीब 25 फीट लंबी दीवार तोड़कर करकट गिराने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपित कथित रूप से आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे तथा सरिया से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अदालती प्रसाद के साथ उनकी पत्नी, बच्चों और परिवार की चंद्रकला को भी पीटा।
अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आस—पास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति संभाली। आरोप है कि इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि दीवार तोड़े जाने से मकान को भी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लालचन्द्र, फूलचन्द्र, विकेश, चांद, अजय, रेखा और कुसुम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













