जयेश जवेरी डाक्टर नहीं, बल्कि देवता हैं: संजय जायसवाल
कहा— सरल, सहज एवं संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी हैं डाक्टर साहब
मछलीशहर चेयरमैन का लीलावती अस्पताल मुम्बई में हुआ जटिल आपरेशन
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। लीलावती हॉस्पिटल मुम्बई में सर्जरी के उपरांत टांके कटवाने के बाद डॉ. जयेश ज़वेरी ने मेरी स्वास्थ्य स्थिति का पुनः परीक्षण किया। साथ ही कहा कि वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए आगामी 3 महीने तक बेड रेस्ट करने की सलाह दिया, ताकि पूर्ण रूप से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकूं। उक्त बातें नगर पंचायत मछलीशहर के चेयरमैन संजय जायसवाल ने मुम्बई से उपचार कराने के बाद घर लौटने के बाद कही। साथ ही आगे बताया कि उनकी सर्जरी अत्यन्त जटिल थी। गॉलब्लेडर में गंभीर संक्रमण सहित आस—पास के हिस्सों में संक्रमण फैल जाने के कारण ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था। ऐसे कठिन समय में डॉ. जवेरी ने अपनी विशेषज्ञता, धैर्य, सूझ—बूझ और कुशलता के साथ सर्जरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। उनके समर्पित प्रयासों के लिये मैं कृतज्ञ हूँ।
श्री जायसवाल ने आगे कहा कि उनके लिए डॉ. जवेरी केवल एक कुशल सर्जन ही नहीं, बल्कि एक ऐसे सरल, सहज एवं संवेदनशील व्यक्तित्व हैं जिन्होंने उपचार के दौरान मुझे परिवार के सदस्य जैसी आत्मीयता का अनुभव कराया। उनके व्यक्तित्व की सबसे विशेष बात उनका व्यवहार और मरीजों के प्रति उनका समर्पण है। इतने व्यस्त रहने के बावजूद समय निकालकर प्रत्येक बात को धैर्यपूर्वक समझाना, स्वास्थ्य से जुड़ी छोटी-बड़ी बातों का ध्यान रखना और मरीज को अपनेपन का एहसास कराना उनके मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है। उनका सरल स्वभाव और जमीन से जुड़ा व्यक्तित्व वास्तव में प्रेरणादायी है। आपके प्रति मेरे मन में सदैव सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि डा. जवेरी सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें और अपनी विशेषज्ञता, सेवा भावना तथा मानवीय संवेदनाओं से इसी प्रकार अनेक लोगों के जीवन में आशा का संचार करते रहें। बता दें कि डॉ. जयेश ज़वेरी लीलावती हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर में वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन हैं। वे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी एवं जटिल पाचन तंत्र संबंधी सर्जरी के क्षेत्र में लंबे समय से अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1996 से लीलावती हॉस्पिटल में अपनी सेवाएँ प्रदान की हैं तथा मुंबई विश्वविद्यालय से जनरल सर्जरी में एम.एस. की उपाधि ट्रिपल गोल्ड मेडल के साथ प्राप्त की है। इस कठिन समय में मेरा हालचाल जानने वाले, मेरे शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने वाले तथा अपने स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं से मेरा मनोबल बढ़ाने वाले आप सभी लोगों का भी हृदय से आभारी हूं। डा. जवेरी का मेरे जैसे मरीज के प्रति अपनापन बहुत बड़ा सम्बल है।













