HomeTrending33वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाॅल प्रतियोगिता-2026 का हुआ शुभारम्भ

33वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाॅल प्रतियोगिता-2026 का हुआ शुभारम्भ

  • 33वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाॅल प्रतियोगिता-2026 का हुआ शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल पूर्वोत्तर रेलवे के तत्वावधान में आयोजित 23 से 26 अक्टूबर तक सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम गोरखपुर में 33वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाॅल प्रतियोगिता-2026 का शुभारम्भ मुख्य अतिथि अपर महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे विनोद शुक्ल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मेजबान पूर्वाेत्तर रेलवे एवं पश्चिम रेलवे के बीच खेला गया जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 65-32 अंकों से हराकर मैच जीत लिया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में मेजबान पूर्वाेत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे पर आरंभ से ही बढ़त बना ली और 65-32 अंको से पराजित कर मैच जीत लिया। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर रामाश्रय यादव, दीपक कश्यप एवं शशि ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का अन्य मैच में उत्तर रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे को 67-44 अंकों से हराया। देर सायं तक दक्षिण रेलवे एवं मध्य रेलवे के बीच खेला जा रहा था। मुख्य अतिथि अपर महाप्रबन्धक विनोद शुक्ल ने कहा कि इस प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे, दक्षिण रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, रेलवे सुरक्षा विशेष बल, मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे सहित कुल 7 टीमें भाग ले रही हैं।
चार दिवसीय बास्केटबाॅल प्रतियोगिता के आयोजन के लिये रेलवे सुरक्षा बल पूर्वोत्तर रेलवे को बधाई देते हुये श्री शुक्ल ने कहा कि अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबाॅल प्रतियोगिता का आरम्भ वर्ष 1989 में चेन्नई में हुई थी। वर्ष 2025 में ये प्रतियोगिता गोरखपुर में हुई थी जिसमें मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे सुरक्षा बल विजेता रहा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के उपरान्त रेलवे सुरक्षा बल की चयनित बास्केटबाॅल टीम अखिल भारतीय पुलिस खेल बास्केटबाॅल प्रतियोगिता में नये आयाम स्थापित करेगी। बाहर से आये खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में खेल भावना से अपना शानदार प्रदर्शन करेंगे। महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल सत्य प्रकाश ने स्वागत सम्बोधन में कहा कि प्रतियोगिता में टीमों को दो पूलों में बाँटा गया है तथा सभी टीमों के बीच लीग, सेमीफाइनल एवं फाइनल को मिलाकर कुल 13 मैच खेले जायेंगे।
प्रतियोगिता में पारदर्शिता बनाये रखने के लिये बास्केटबाॅल संघ गोरखपुर एवं पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) के रेफरी तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा अहम भूमिका निभाई जायेगी। इस अवसर पर प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय रेलों के सदस्यगण, बास्केटबाॅल संघ गोरखपुर के सदस्यगण एवं पूर्वाेत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के पदाधिकारी तथा भारी संख्या में बास्केटबाॅल प्रेमी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

Must Read