सरौनी गांव में गोली चलने से मचा हड़कम्प, जांच में जुटी पुलिस
गोबर रखने का विवाद खूनी संघर्ष में हुआ तब्दील
तेजस टूडे सं.
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सरौनी पूरब पट्टी गांव में शुक्रवार की सुबह गोबर रखने के विवाद को लेकर कन्हैया मौर्य ने अपने पट्टीदार समर बहादुर मौर्य को गोली मार कर घायल कर दिया। वहीं हाथापाई के दौरान बंदूक की बट से वार किये जाने से कन्हैया भी घायल हो गया। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लाया गया जहां चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि कन्हैया मौर्य और उनकी पत्नी सुभावती देवी समर बहादुर के खेत में गोबर की खाद डाल रहे थे। बीते शाम को समर बहादुर ने विरोध करते हुये खाद खेत से हटवा दी और दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी। शुक्रवार की सुबह दोनों फिर खेत में खाद डालने लगे। इस पर समर बहादुर और उनके चचेरे भाई अमर बहादुर ने विरोध किया।
बांये जांघ में गोली लगते ही जमीन पर गिरा अधेड़
आरोप है कि इसके बाद कन्हैया घर जाकर अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर अमर बहादुर पर निशाना साधा लेकिन वह शोर मचाते हुए घर के भीतर भाग गये। इसके बाद कन्हैया ने समर बहादुर पर गोली चला दी। गोली उनकी बाएं जांघ में जा लगी जिसके बाद समर बहादुर ने कन्हैया को दौड़ाकर उसका बन्दूक छीन लिया। साथ ही उसकी बट से वार करके उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान समर बहादुर भी घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस बंदूक कब्जे में लेकर कन्हैया को हिरासत में ले ली। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मामले में कार्यवाही करते हुए पुलिस ने कन्हैया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्यवाही में जुट गयी।












