सेवा संकल्प अभियान में रंगोली प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता हुई जिसकी मुख्य थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, उनकी प्रमुख उपलब्धियों, राष्ट्रसेवा, समर्पण तथा विकसित भारत के संकल्प पर आधारित रही। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की विभिन्न उपलब्धियों और उनके नेतृत्व में संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया। इनमें आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, महिला सशक्तीकरण, तकनीकी विकास, राष्ट्र निर्माण जैसे विषय प्रमुख रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन तथा देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी प्रमुख पहलों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
यह प्रतियोगिता सेवा संकल्प अभियान के संयोजक डॉ. लालमणि प्रजापति तथा सह-संयोजक विकास यादव एवं जितेंद्र कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई। प्रतियोगिता का निरीक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रणजीत पाण्डेय के निर्देशन में हुआ। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनायी गयी विभिन्न रंगोलियों का अवलोकन किया तथा उनकी विषयवस्तु, रंगों के सुंदर संयोजन, आकर्षक आकृतियों और रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना किया।
अभियान के संयोजक डॉ. लालमणि प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा तथा राष्ट्रसेवा और विकास से जुड़े विषयों पर आधारित ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रीय लक्ष्यों से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं।
डॉ. विकास यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा तथा देश में संचालित विभिन्न विकासपरक योजनाओं और अभियानों पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता विद्यार्थियों को राष्ट्रीय उपलब्धियों और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करती है। कार्यक्रम में डॉ. अवधेश मिश्र, डॉ अविनाश वर्मा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. नीलमणि सिंह, डॉ. आलोक प्रताप सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











