Jaunpur News : एनसीपी ने सपा गठबंधन को समर्थन देने का किया एलान
मुम्बई की तरह यूपी में भी भाजपा का सूफड़ा साफ होगाः सिराज
जौनपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी एवं उसके सहयोगी दलों की पूर्ण बहुमत के साथ अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। सिराज मेंहदी बुधवार को शिया कालेज में पत्रकारों से वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी और उसके गठबंधन को एनसीपी के समर्थन का एलान किया। साथ ही कहा कि एनसीपी सपा के साथ मिलकर यूपी विधानसभा चुनाव लड़ रही है और सपा गठबंधन पूर्ण बहुमत से यूपी में सरकार बनाकर राजतंत्र को खत्म करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि शरद पवार जिस तरह महाराष्ट्र से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने में कामयाब रहे हैं, उसी तरह समाजवादी पार्टी समेत अन्य सहयोगी दल की मदद से यूपी से भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़कर फेंकने में हम सभी कामयाब होंगे। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव ने एनसीपी के समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि एनसीपी नेता सिराज मेंहदी के समर्थन से निश्चित तौर पर जिले की सभी 9 विधानसभाओं में भारी मतों से सपा गठबंधन के उम्मीदवारों की विजय सुनिश्चित होगी। प्रेस वार्ता के बाद कांग्रेस के जिला सचिव असलम इराकी ने सिराज मेंहदी की मौजूदगी में दर्जनों समर्थकों के साथ एनसीपी की सदस्यता ग्रहण किया। इस अवसर पर सपा के पूर्व प्रदेश सचिव नजमुल हसन नजमी, सपा नेता अब्दुल हक अंसारी, सपा नगर अध्यक्ष कमालुद्दीन, अमित यादव, राजा समाजवादी, आशीष चौरसिया, अजीज फरीदी आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














