दूल्हा हत्याकाण्ड में पुलिस का बड़ा एक्शन: ईनामी बदमाशों को पनाह देने वाला एक और गिरफ्तार
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दूल्हा हत्या कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे ईनामी बदमाशों को शरण देने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक न सिर्फ आरोपियों को पनाह दे रहा था, बल्कि पुलिस दबिश के दौरान उन्हें फरार कराने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा था। इतना ही नहीं, पुलिस टीम के पहुंचने पर उसने जानलेवा फायरिंग कर मुजाहमत करने की कोशिश भी की।
जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरीन्द्र सिंह के निकट पर्यवेक्षण में खेतासराय थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक अंसारी अपनी टीम के साथ लगातार इनामी अपराधियों की तलाश में जुटे हुए थे। पुलिस के मुताबिक थाना खेतासराय पर दर्ज मुकदमें में वांछित चल रहे रवि यादव, प्रदीप बिन्द और शोले राजभर पर एसएसपी द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। जाँच के दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि इन बदमाशों को क्षेत्र का ही अरुण बिन्द नामक युवक पनाह दे रहा है और उन्हें फरार कराने में मदद कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मानीकलां स्थित नवनिर्मित पेट्रोल पम्प के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी अरुण बिन्द ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस टीम ने सूझ—बूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण उर्फ अरुन बिन्द पुत्र रामनयन बिन्द निवासी जमदहां थाना खेतासराय जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धारा सहित आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर संबंधित न्यायालय में पेश किया। जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लम्बा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अरुण बिन्द पहले से कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, शांति भंग जैसी धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और फरार बदमाशों से उसके करीबी संबंध थे।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक अंसारी, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र राय, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, कांस्टेबल बृजेश मिश्रा तथा कांस्टेबल शैलेश यादव की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

