Jaunpur News: गाजे-बाजे एवं जयकारों के बीच पण्डालों में पहुंचीं प्रतिमाएं

  • गाजे-बाजे एवं जयकारों के बीच पण्डालों में पहुंचीं प्रतिमाएं

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। शारदीय नवरात्र को लेकर नगर सहित आस—पास के ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 11 अक्टूबर से नवरात्र शुरू होने के मद्देनजर दुर्गा पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को श्रद्धालु बारां मोड़ और गोरारी में तैयार की गई मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे के साथ लेकर जाते नजर आए। देर शाम तक नगर में प्रतिमाओं को ले जाने का सिलसिला जारी रहा। वहीं कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रहा। इस दौरान मां के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रतिमाओं को अपने पूजा पंडालों की ओर ले जा रहे थे। गाजे-बाजे की धुन पर मां के जयकारे लगाते भक्तों के चेहरे पर आस्था और उल्लास साफ झलक रहा था।

प्रतिमाओं को ले जाने के दौरान रास्तों में भी भक्तिमय माहौल देखने को मिला। मां के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इस दौरान श्रद्धालु विधि-विधान से मां की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हैं। दुर्गा पूजा पंडालों में प्रतिमाओं की स्थापना के बाद पूजा-पाठ, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र के करीब आते ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में पंडालों को सजाने-संवारने का काम भी तेज हो गया है। मां दुर्गा के स्वागत की तैयारियों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय रंग में रंगता नजर आ रहा है।