Jaunpur News : बाइक सवार पर हाई वोल्टेज बिजली का तार गिरा, हुई दर्दनाक मौत
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहिउद्दीनपुर- पट्टीनरेन्द्रपुर मार्ग पर मुस्काबाद गांव के पास शाहगंज से घर लौट रहे एक युवक पर 11 हजार बिजली का तार गिरने उसकी घटनास्थल पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गयी। घटना गुरूवार रात लगभग 9-30 की है। जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के अमावां खुर्द गांव निवासी शिव कुमार (40) शाहगंज में अपना निजी व्यवसाय चलाता था। नित्य की भांति गुरूवार को भी वह शाहगंज से घर वापस लौट रहा था।
जैसे ही उक्त स्थान पर वह बाइक लेकर पहुंचा कि 11 हजार बिजली का तार टूटकर उसके गले पर गिर गया। विद्युत की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलसने लगा तथा उसकी बाइक भी जलने लगी। इसी दौरान बाइक के पेट्रोल की टंकी फट गयी पेट्रोल फैलने से उसका शरीर तेज आग में जलने लगा और बुरी तरह जलने से युवक की घटनास्थल पर हीं दर्दनाक मौत हो गयी। स्थानीय लोगों द्वारा विद्युत आपूर्ति रोकवाकर युवक के जलते शरीर पर पानी फेंककर बुझाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ हीं परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते हीं परिवार वालों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। दो पुत्र-एक पुत्री के सिर से पिता का साया उठने और पत्नी का सुहाग उजड़ने से परिजनों के करूण क्रन्दन सुन लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को अन्त्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। स्थानीय लोगों का यह आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















