विद्यार्थियों की प्रतिभा का उत्सव है जीपीएल: कुलपति
खेल से विद्यार्थियों में विकसित होती है ऊर्जा अनुशासन
तेजस टूडे सं.
अजय विश्वकर्मा/विरेन्द्र यादव
सिद्दीकपुर, जौनपुर। जौनपुर प्रीमियर लीग (जीपीएल) के विश्वविद्यालय में आयोजन को लेकर गठित आयोजन टीम के साथ कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने बुधवार को कुलपति सभागार में बैठक किया जहां प्रतियोगिता की तैयारियों, विद्यार्थियों की सहभागिता, अतिथियों के स्वागत, अनुशासन और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बनाने के उद्देश्य से जौनपुर प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय का जीवन केवल कक्षाओं और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए उन्हें कैंपस लाइव में पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और टीमवर्क से जोड़ना आवश्यक है। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों में स्किल डेवलपमेंट के लिए इसी प्रकार के अवसर लगातार उपलब्ध कराने होंगे। खेलों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल, अनुशासन और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल गतिविधियां अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
बैठक में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिये पहचान-पत्र अनिवार्य किये जाने पर भी चर्चा हुई। कुलपति ने विद्यार्थियों से अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील करते हुये कहा कि सभी विद्यार्थी अपना पहचान पत्र साथ रखें और आयोजन की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए प्रबंधन एवं फार्मेसी विभाग से स्वयंसेवकों का गठन किया गया है। ये स्वयंसेवक गेस्ट हाउस और हॉस्टल से लेकर खेल मैदान तक अतिथियों एवं प्रतिभागियों के आवागमन में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर छात्र अधिष्ठाता प्रमोद यादव, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. रजनीश भाष्कर, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. नृपेंद्र सिंह, डॉ. नितेश जायसवाल, सुशील कुमार, उद्देश्य सिंह, ईश्विका सिंह सहित आयोजन टीम के सदस्य और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।











