संविधान दिवस पर अबोपुर में डा. आंबेडकर प्रतिमा विकास कार्य का हुआ शिलान्यास
शाहगंज-सोंधी ब्लाक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भी मनाया गया संविधान दिवस
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। भारतीय संविधान केवल कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के उन मूल्यों का आधार है, जिन पर लोकतंत्र की नींव टिकी है। संविधान दिवस पर गुरुवार को क्षेत्र के अबोपुर में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रतिमा स्थल के विकास कार्य का शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव शामिल हुये जिन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर नमन करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से बाबा साहेब के विचारों, आदर्शों और संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, खण्ड विकास अधिकारी गजेंद्र सिंह, मण्डल अध्यक्ष उपेंद्र नाथ मिश्रा, डॉ. रामसूरत बिन्द, राजू बिन्द सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इसी क्रम में विकास खण्ड शाहगंज-सोंधी परिसर में प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह के नेतृत्व में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा की गई। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में चिकित्सा प्रभारी डॉ. सूर्य प्रकाश के नेतृत्व में संविधान दिवस पर कार्यक्रम हुआ। इसमें स्वास्थ्यकर्मियों ने संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया।











